Sunday, January 17, 2016

(भाग5) पंखों की कहानी -- यानी अंडे का 'फंडा'!

बच्चों की एक हिंदी विज्ञान पत्रिका के लिए मैं पक्षियों पर एक श्रृंखला कर रहा हूँ. मित्रों और बहुत से बच्चों का आग्रह था कि इसे 'ब्लॉग' का रूप भी दिया जाए. इसी की पूर्ति में प्रस्तुत है पक्षियों की अनोखी दुनिया की ताज़ा कड़ी जो शायद बच्चों के अलावा बड़ों को भी पसंद आये!

जितेन्द्र भाटिया
पंखों की कहानी -- यानी अंडे का 'फंडा'!
बच्चों और बड़ों की एक लोकप्रिय अनबूझ पहेली है कि 'पहले मुर्गी आयी या अंडा?' और इसी से जुड़ा दूसरा सवाल यह हो सकता है कि इन दोनों के आने से पहले इस दुनिया में क्या था?

हमारे लक्कड़ दादा लंगूर महाशय!

वैज्ञानिक डार्विन का मानना है कि इस दुनिया में हर जीवित जीव अपने पहले के किसी जीव से विकसित होकर धरती पर आया है. जीवों के इस विकास में लाखों वर्ष लग गए. डार्विन के इसी सिद्धांत से बंदरों को मनुष्य का पूर्वज माना गया है. माना जाता है कि पक्षियों का जन्म और उनका विकास भी इसी तरह पूर्व प्रजाति के किसी पक्षी से हुआ है. पत्थरों में दबे जीवाश्मों (fossils) से इस बात के कई प्रमाण मिलते हैं. कभी कभी धरती से मिलने वाली हड्डियों से भी इन प्राग् ऐतिहासिक प्रजातियों का पता चलता है. इन जीवाश्मों और हड्डियों की मदद से वैज्ञानिक प्रजातियों की उम्र और इनके जीवनकाल का अंदाजा लगाते हैं. 

कहा जाता है कि दुनिया के पहले दैत्याकार जीव डायनासोर (dinosaur) आज से कोई 2000 लाख वर्ष पहले जुरासिक युग में धरती पर आये. इन्हीं में से एक मांस भक्षी छोटे आकार की डायनासोर प्रजाति 'थेरोपोड' का विकास आज से 1500 लाख साल पहले हुआ. माना जाता है कि इसी 'थेरोपोड' से आगे चलकर धीरे-धीरे कई लाखों वर्षों में पक्षियों ने अपना रूप लिया.  

म्यूजियम में थेरोपोड डायनासोर का कंकाल 

दिलचस्प बात यह है कि जुरासिक युग के इन डायनासोर जीवों में थेरोपोड के अलावा किसी भी डायनासोर की अगली पीढ़ियां अब दुनिया में बाकी नहीं हैं! बाकी डायनासोर जीवों की तरह थेरोपोड के भी दाँत थे. लेकिन हज़ारों सालों के विकास के बाद पक्षियों के दाँत जाते रहे और इनके स्थान पर चोंच विकसित हुई जो पक्षियों को अपना भोजन ढूंढने और पकड़ने में सहायता देती है. ज़मीन हो या पानी, रेत हो या दलदल, अपनी अलग आकार की चोंचों  से पक्षी हर जगह अपना भोजन ढूंढ ही लेते हैं. 

पोखर में चोंच से कीड़े पकड़ता छोटा गुदरा  Bar Tailed Godwit (Limosa lapponica) 

चोंच के अलावा भी पक्षियों में कई गुण मिलते है, जो एक तरह से उनकी पहचान हैं! दो टांगें, गर्म खून, रीढ़ की हड्डी, प्रजनन के लिए अंडे देना और इन सबसे ऊपर- उड़ने के लिए दो आश्चर्यजनक जादुई पंख! छोटे नन्हे शक्करखोरे से लेकर विशालकाय शुतुरमुर्ग, सबमें तुम्हें यह पहचान मिलेगी. वैज्ञानिक शब्दावली में सभी पक्षियों को एक नाम दिया गया है-- एवीएल aviale. इस अंग्रेज़ी नाम का सम्बन्ध उड़ने से है. लेकिन सभी पक्षी उड़ते हों, ऐसा नहीं है. इनमें अंतर दिखाने के लिए वैज्ञानिकों ने वर्तमान युग में पक्षियों को दो बड़ी जातियों में बांटा है- 'न उड़ने वाले' --neomithes और बाकी के सारे 'उड़ने वाले'-- neognathae. 


कीवी पक्षी (Apteryx )और उसका अंडा  

दुनिया में पक्षियों की कोई पचास ऐसी प्रजातियां हैं जिनके डैने नहीं होते, या फिर होते हैं तो ऐसे जिनसे ये हवा में छलांग तो लगा सकते हैं पर उड़ नहीं सकते. लेकिन इस एक अंतर को छोड़कर उनमें बाकी गुण दूसरे पक्षियों जैसे ही होते हैं. और इसीलिये इन्हें पक्षी ही माना जाता है. न्यूज़ीलैंड में पाया जाने वाला 'कीवी' ऐसा ही एक डैना रहित पक्षी है जिसके अंडे का आकार काफी बड़ा होता है.  

पेंगुइन पक्षी 

अंटार्कटिका के ठन्डे प्रदेश में पाये जाने वाले पेंगुइन पक्षी भी उड़ नहीं सकते. डैने की जगह उनका एक चप्पू नुमा flapper होता है जिसे वे पानी में तैरते समय चप्पू की तरह इस्तेमाल करते हैं. अफ्रीका में पाया जाने वाला शुतुरमुर्ग दुनिया का सबसे बड़ा पक्षी है जिसके पंख उड़ने की जगह बहुत तेज़ दौड़ने के काम आते हैं. कई देशों में शुतुरमुर्ग को भी मुर्गियों की तरह बड़े बड़े बाड़ों में अंडों और मांस के लिए पाला जाता है.    

मादा शुतुरमुर्ग  (Struthio camelus) 

बस इन गिने चुने 'न उड़ने वाले' पक्षियों को छोड़कर बाकी सारे पक्षी अपने पंखों के सहारे उड़ सकते हैं. पक्षियों के ये पंख भी कई आकार के होते हैं. इनके सहारे ये आकाश में अलग अलग ऊंचाइयों पर उड़ते हैं. कुछ पक्षियों के मज़बूत डैने लम्बी उड़ानों के लिए उपयुक्त होते हैं. गिद्ध और उकाब अपने चौड़े आकार के डैनों के सहारे बहुत ऊँचाई पर हवा में तैरते दिखाई देते हैं.  

हवा में उड़ता काला गिद्ध (Cinereous Vulture) (Aegypius monachus)   

इनके विपरीत मोर और तीतर जैसे पक्षी अपना अधिकाँश समय ज़मीन पर गुज़ारते हैं. इनके पंख थोड़े समय के लिए कुछ ऊँचाई तक उड़ तो सकते हैं पर अधिक समय तक नहीं. 

तीतर के इक पीछे तीतर (Grey Francolin) (Francolinus pondicerianus)  

इसके विपरीत अबाबील-पतासी सारा दिन आकाश में उड़ती रहती हैं. इनके हल्के पंख इन्हें हवा में लगातार चक्कर काटने में मदद करते हैं. महासागर के कुछ पक्षी तो लगातार पानी के ऊपर फैले आकाश में ही सारा जीवन गुज़ारते हैं और उनमें से कुछ तो उड़ते-उड़ते ही अपनी नींद भी पूरी कर लेते हैं. इन्हीं जादुई पंखों के सहारे बहुत से पक्षी हर साल दो बार लम्बी उड़ानें भी भरते हैं. पक्षियों की इन लम्बी हवाई यात्राओं की आश्चर्यजनक कहानियाँ हम आगे बताएँगे! 
***
© all rights reserved 






Sunday, November 22, 2015

(भाग 4) नाम में क्या रक्खा है!

बच्चों की एक हिंदी विज्ञान पत्रिका के लिए मैं पक्षियों पर एक श्रृंखला कर रहा हूँ. मित्रों और बहुत से बच्चों का आग्रह था कि इसे 'ब्लॉग' का रूप भी दिया जाए. इसी की पूर्ति में प्रस्तुत है पक्षियों की अनोखी दुनिया की ताज़ा कड़ी जो शायद बच्चों के अलावा बड़ों को भी पसंद आये!

जितेन्द्र भाटिया

नाम में क्या रक्खा है?


तुम इस दुनिया में हर चीज़ को नाम से पहचानते हो न! लेकिन कक्षा में अगर एक ही नाम के दो सहपाठी हों तो?  तब कई बार हम पहचान के लिए एक मोहन को ‘मोटू’ और दूसरे को ‘लम्बू मोहन' कहकर पुकारते हैं. यानी उनके नाम से पहले हम एक विशेषण लगा देते हैं ताकि उनकी पहचान आसानी से हो जाए. 

टुइयाँ तोता (Plum Headed Parakeet ) (Pisttacula cyanocephala)  

बोलचाल की भाषा में पक्षियों का नामकरण भी इसी तरह उनके रंग या किसी और पहचान से किया जाता है. लाल सिर वाले तोते को अंग्रेज़ी में 'plum headed parakeet' कहते हैं क्योंकि इसके सिर का रंग लाल बेर या plum से मिलता जुलता होता है. लेकिन हमारे उत्तरी देहातों में इसी तोते को अपनी तीखी 'टिटियाने' वाली आवाज़ के कारण 'टुइयाँ' तोता कहा जाता है. तमिल में इसका नाम 'सेंथलाई किलि' या 'लाल सिर वाला तोता है. 

सर्दियों में हमारे देश में उत्तरी ठन्डे प्रदेशों से कई पक्षी आते हैं. इनमें से एक है काला सिर थिरथिरा या black redstart. यह पक्षी ज़मीन पर चलते चलते बीच बीच में थिरथिराता है और इसीलिये इसे 'थिरथिरा' कहा जाता है.       
    


काला सिर थिरथिरा (Black Redstart )(Phoenicurus orchruros)

लाल भौंह वाली बुलबुल के सिर पर सिपाहीनुमा टोपी बनी होती है--सो इसका नाम हुआ 'सिपाही बुलबुल’ या 'टोपीदार बुलबुल' ! अंग्रेजी में इसका नाम है Red Whiskered Bulbul.  


सिपाही या टोपीदार बुलबुल (Red  Whiskered Bulbul )(Pycnonotus jocusus) 

लेकिन तुमने देखा कि अलग अलग भाषाओं में तोते की तरह बुलबुल का नामकरण भी हमने अलग अलग गुणों से कर डाला. अंग्रेजी में उसका नाम उसकी लाल भौंह से हुआ तो हिंदी में हमने उसे कभी सिपाही टोपी तो कभी सिर्फ टोपी वाली बुलबुल कहकर पुकारा. तेलुगु भाषा में इसी बुलबुल को 'तुरहा पिगली पित्ता' (या तुर्रे वाली बुलबुल) कहा जाता है. बांग्ला भाषा में  कोई इसे 'सिपाही बुलबुली' कहता है तो कोई इसे तीखे नैन-नक्श के कारण 'चाइना बुलबुली' बुलाता है. यह बुलबुल दुनिया के विस्तृत प्रदेश में पायी जाती है. इनमें न जाने कितनी भाषाएँ होंगी जिनमें इसी बुलबुल के पता नहीं कितने नाम होंगे. तब इन सारे नामों से यह पता कैसे चले कि हम सब उसी टोपीदार बुलबुल की बात कर रहे हैं? 

नामकरण का यह संकट सिर्फ पक्षियों के साथ ही नहीं, बल्कि जानवरों, सांपों, कीड़ों, वनस्पतियों और स्वयं वनमानुष और मनुष्य, यानी हर जीवित प्राणी के नामों को लेकर आता है. अलग अलग भाषाओं और प्रदेशों में इनके अलग अलग नाम हैं. तब वैज्ञानिकों को लगा कि सभी जीवित प्राणियों के प्रचलित नामों के समानांतर उनका एक सर्व मान्य वैज्ञानिक नामकरण भी होना चाहिए जिसे सब लोग मानें और जिसमें फेरबदल की कोई गुंजाइश न हो. विभिन्न भाषाओं में जीवों के नामों के साथ यदि उस जीव का विज्ञानिक नाम भी हो तो सब आसानी से जान जाएंगे कि हम किस जीव या पक्षी की बात कर रहे हैं.

सोलहवीं शताब्दी के योरोप में ज्ञान  अध्ययन की प्रमुख भाषा लैटिन थी. इसी में सबसे पहले जीवों और वनस्पतियों के वैज्ञानिक नामकरण की शुरुआत हुई. लेकिन आरम्भ में इसमें कई मतभेद थे. जीवों के लिए लैटिन में पहली सर्व मान्य दो शब्दों वाली binomial नामावली पद्धति विकसित करने का श्रेय स्वीडन के डॉक्टर और वनस्पति शास्त्री कार्ल लिनेयस को जाता है.    

इन्होंने अट्ठारहवीं शताब्दी के मध्य में अपनी पुस्तकों ‘स्पीशीज प्लांटेरम’ और ‘सिस्टमा नेचुरे’ में पहली बार वनस्पतियों और जीवों के लिए दो शब्दों वाली नामावली का इस्तेमाल किया. इसी के आधार पर आगे चलकर ‘प्राणीशास्त्रीय नामकरण की अंतरराष्ट्रीय पद्धति’ (ICZN) बनी जो आज भी पक्षियों सहित सभी प्राणियों के वैज्ञानिक नामकरण का काम कर रही है. परंपरा के अनुसार यह शब्दावली लैटिन भाषा में हैं. इसी के  अंतर्गत मनुष्य जाति को वैज्ञानिक नाम मिला है –Homo sapiens !

जीवों के नामकरण की इस द्वि-शब्दी वैज्ञानिक को समझना बहुत आसान है. इसमें दो शब्द होते हैं. पहला शब्द पक्षी या जीव की विशिष्ट जाति को इंगित करता है और दूसरा उसके किसी ख़ास गुण को या भौगोलिक क्षेत्र को, जहां वह पाया जाता है. कई बार दूसरा शब्द उस जीव को पहली बार ढूंढने वाले व्यक्ति के नाम पर भी आधारित हो सकता है. हमारे देश के विख्यात पक्षीशास्त्री सलीम अली ने केरल में जिस संकटग्रस्त फल-फूल खाने वाले दुर्लभ चमगादड़ को ढूंढ निकाला था, उसका वैज्ञानिक नाम रक्खा गया है Latidens salimalii! इसमें पहला शब्द Latidens चमगादड़ों की जाति को दर्शाता है और दूसरा शब्द सलीम अली के पहले नाम से बना है.         


गुलाबी मैना (Rosy Starling )(Sturnus roseus)

सर्दियों में गुलाबी मैनाएं (Rosy Starlings) हज़ारों  संख्या में योरोप से भारत में आती हैं. इनका नीचे का भाग हल्का गुलाबी होता है. इनका वैज्ञानिक नाम है Sturnus roseus. इस नाम में पहला शब्द मैनाओं की प्रजाति को दर्शाता है और दूसरा शब्द उनके रंग  से जुड़ा है. इसी प्रजाति की एक और मैना--ब्राह्मिणी या काला सिर मैना (Brahminy Starling) हमारे यहां आम पायी जाती है. इसका नाम ब्रह्मणों जैसी सिर की चोटी और इसके निचले चन्दन भभूत जैसे रंग के कारण है.   

ब्रह्मिणी या कालासिर मैना (Brahminy Starling) (Sturnus pagodarum)

तुम देखोगे कि इन दोनों मैनाओं के वैज्ञानिक नाम में पहला शब्द एक ही है लेकिन दूसरा शब्द अलग है. इस तरह एक ही प्रजाति के दो पक्षियों को अलग अलग पहचानना अासान हो जाता है.

जीवों की इस वैज्ञानिक नामावली को लिखने के कुछ आसान से नियम भी हैं. इनमें  पहले शब्द के पहले अक्षर को 'कैपिटल' में लिखा जाता है और दूसरे शब्द का पहला अक्षर सामान्य छोटे रूप में. साथ ही छपे हुए गद्य के बीच किसी जीव का वैज्ञानिक नाम आने पर उसे तिरछी शैली या italics में लिखना ज़रूरी होता है. ये सारे नियम दुनिया भर में माने जाते हैं इसलिए किसी नाम में संशय की कोई गुंजाइश नहेीं रहती. दुनिया में जब भी किसी नए जीव का पता चलता है तो सबसे पहले ICZN  इसका नाम जारी करती है जो सबको मान्य होता है.   

मिसेज़ गोउल्ड शक्करखोरा (Mrs. Gould Sunbird)(Aethopyga gouldiae)  

दुनिया में शक्करखोरों (sunbirds) की कई प्रजातियां हैं और इनमें एक बेहद सुन्दर प्रजाति है मिसेज़ गोउल्ड शक्करखोरा जो पूर्वी भारत और आसपास के कई देशों में पाया जाता है. काफी समय पहले आयरलैंड के पक्षीशास्त्री निकोलस विगोर्स ने इसे सबसे पहले ढूँढा था और चित्रकार जॉन गोउल्ड ने इनके पहले चित्र बनाये थे (तब कैमरा तो था नहीं!) गोल्ड के आग्रह पर निकोलस विगोर्स ने इसका नाम चित्रकार की पत्नी पर रख दिया था और इस तरह सामान्य और वैज्ञानिक शब्दावली दोनों में ही इसे मिसेज़ गोउल्ड शक्करखोरा नाम से जाना जाता है!

इस कड़ी में सभी चित्रों के शीर्षक के साथ तुम्हें इन पक्षियों के वैज्ञानिक नाम भी मिलेंगे. लैटिन के इन मुश्किल शब्दों को देखकर घबराना नहीं! आने वाली कड़ियों में हम तुम्हें प्रमुख प्रजातियों के बारे में और कई बातें बतायेंगे.  

  
00   
                                                                          © all rights reserved 


Tuesday, August 26, 2014

तीसरी कड़ी : आओ कुछ और पक्षियों को सुनें और पहचानें!

 पक्षियों का अनोखा संसार (3)

आलेख और छायाचित्र : जितेंद्र भाटिया
तीसरी कड़ी : आओ कुछ और पक्षियों को सुनें और पहचानें!

चित्र 1: सुबह के गायन की रियाज़ करती सलेटी दुम फुदकी
कितना अच्छा लगता है जब सुबह पक्षियों की आवाज़ से हमारी नींद खुलती है. पक्षियों की इसी मिली जुली मधुर आवाज़ के लिए हिंदी में सुन्दर शब्द है ‘कलरव’. इसमें एक आवाज़ को दूसरी से पहचानना मुश्किल होता है. लेकिन फिर भी इसका स्वर कानों को भला प्रतीत होता है.
क्या ये पक्षी हमें जगाने के लिए सुबह-सुबह गाते हैं? नहीं, ऐसा नहीं है. वैज्ञानिकों का मानना  है कि पक्षियों का कलरव या अंग्रेजी में ‘सुबह का कोरस’ गर्मियों और बरसातों के आरम्भ में अधिक सुनाई देता है. यह समय पक्षियों के लिए घोंसले बनाने और उनमें अंडे देने का होता है. पक्षियों का सुबह का स्वर अक्सर अपने क्षेत्र का ऐलान करने या दूसरे पक्षियों को आगाह करने के लिए होता है कि “मैं यहाँ हूँ!”. कुछ उसी तरह जैसे रात का चौकीदार अपने डंडे को ‘ठक-ठक’ बजाता बीच बीच में आवाज़ लगाता चलता  है—‘जागते रहो!’

पक्षियों की यह आवाज़ अपने साथी को आकृष्ट करने के लिए भी हो सकती है. एक प्रयोग से पता चला कि सुबह का उजाला होने पर सबसे पहले ऊंची डालों के पक्षी बोलते हैं और उसके बाद नीचे के पक्षियों की बारी आती है. पौ फटने से पहले के चौथे पहर में तुमने कई बार मोरों के झुण्ड को ‘पियों! पियों!! पियों!!!’ के साथ चिल्लाते सुना होगा. हैं. मोर रात में बड़े बड़े पेड़ों की सबसे ऊंची डालों पर सोते हैं. यानी सुबह के समय पक्षियों के बोलने का  सीधा सम्बन्ध सूरज  की रोशनी से है.

पक्षियों के जीवन की दिनचर्या में दो सबसे महत्वपूर्ण क्रियाएँ हैं—भोजन और प्रजनन. इन दो के इर्दगिर्द ही उनका सारा जीवन निर्भर है. कुछ पक्षी अपने साथी को आकृष्ट करने के लिए आवाज़ के अतिरिक्त शरीर की भंगिमाओं का भी सहारा लेते हैं. मोर के आकर्षक नृत्य से कौन परिचित नहीं है. मोर का यह नृत्य दरअसल मोरनी को रिझाने के लिए होता है.  
 चित्र २: मोरनी को नाचकर रिझाता मोर
                                                    
        
राजस्थान में अजमेर के नज़दीक एक छोटा सा गाँव है सौंखालिया, जहाँ बरसातों के मौसम में विश्व स्तर पर एक दुर्लभ पक्षी ‘lesser florican’ का आगमन होता है. स्थानीय भाषा एवं हिंदी में इसे ‘खड़मोर’ कहते हैं क्योंकि यह मोर की ही जाति का एक पक्षी है. मादा को आकृष्ट करने के लिए नर खड़मोर मूंग के खेतों में ऊंची छलांग लगता है, फिर ‘धम्म’ से गिरकर फसल में छिप जाता है. साथ ही यह मुंह से आवाज़ भी निकलता है. कई बार तो  इन बारम्बार छलांगों से इसके पैर छलनी होकर खून से सन जाते हैं! 
चित्र 3: हवा में छलांग लगाता खडमोर
हमारे आसपास की दुनिया में कुछ पक्षी सिर्फ सुबह के समय बोलते हैं तो कुछ की सुपरिचित आवाज़ सारा दिन सुनाई देती रहती है. अमराइयों में लगातार कूकती कोयल की आवाज़ को सब पहचानते हैं. कोयल गर्मियों और बरसात के आरम्भ में सबसे अधिक कूकती है क्योंकि यह इसका जोड़े बनाने का समय होता है. डाल पर कूकती आवाज़ नर कोयल की होती है. ‘कोयले सी काली कोयल’, हम अक्सर कहते है, लेकिन गौरैया की ही तरह कोयल के नर और मादा देखने में बिलकुल अलग अलग होते हैं. केवल नर काला होता है, जबकि मादा कोयल बिलकुल भिन्न भूरी चितकबरी दिखती है.
चित्र 4: भूरी चितकबरी मादा कोयल
        
कोयल की ही तरह मोर और मोरनी के बीच का अंतर भी तुमने देखा होगा.
  
चित्र 5: मोरनी
  
बरसातों के मौसम में एक और बार बार सुनायी देने वाला पक्षी है पपीहा जिसकी क्रमशः तेज़ होती
जाती ‘पी-कहाँ! पी-कहाँ!! पी-कहाँ!!!’ की टेर सिर पर चढ़कर बोलती है. इसी के कारण अंग्रेजी में इसे ‘brain fever’ यानी ‘दिमागी बुखार’ भी कहते हैं. देखने में यह बाज़ से मिलता जुलता है और इसी लिए इसका दूसरा नाम है ‘common hawk cuckoo’.
चित्र 6: सामान्य पपीहे का बाज़ से मिलता जुलता चेहरा



लेकिन कोयल और पपीहे में एक और दिलचस्प समानता है. ये दोनों स्वयं घोंसला नहीं बनाते, बल्कि चुपके से कौए या छोटी सी फुदकी के घोंसले में अपने अंडे रख देते हैं. कौवा अंडे को अपना ही मानकर उसे सेता है. फिर जब अंडे से बच्चा निकल आता है तो वह उसे भोजन भी लाकर खिलाता है. अपना घोंसला न बनाने वाले इन पक्षियों को अंग्रेजी में  brood parasite या पर-पोषक-जीवी कहा जाता है.





                        चित्र 7: अपने से बड़े कोयल के बच्चे को खाना खिलाती धायी मां फुदकी
बात पक्षियों की बोली की निकली है तो चलते चलते तुम्हें अपने आस पास के एक और सुन्दर पक्षी से मिलवाते चलें. हो सकता है तुमने इसे देखा न हो, लेकिन इसकी आवाज़ तुमने अवश्य सुनी होगी. यह  ‘हुक!’....‘हुक!’....‘हुक!’ की सी एकसार आवाज़ में लम्बे समय तक बोलता चला जाता है. तुम्हें लगेगा जैसे कहीं से किसी ठठेरे के बर्तन पर काम करने की आवाज़ आ रही है! इसीलिये इसका नाम है ‘ठठेरा बसंता’, (अंग्रेजी में coppersmith barbet). इसके माथे पर तुम्हें सुन्दर लाल टीका और चोंच के नीचे पीला गला दिखेगा.
चित्र 8: आवाज़ लगाता ठठेरा या छोटा बसंता

इस टीके के कारण कुछ लोग इसे ‘पंडितजी’ नाम से भी जानते हैं. यह आकर में इतना छोटा होता है कि इसे ठीक से देखने के लिए तुम्हें दूरबीन की ज़रुरत पड़ सकती है. लेकिन अगली बार जब तुम्हें इसकी ‘हुक!’....‘हुक!’....‘हुक!’ सुनाई दे तो इसे ढूँढने की कोशिश ज़रूर करना.

तो इस बार बस इतना ही. दुबारा मिलने पर हम तुम्हें पक्षियों के नामकरण की देशी और वैज्ञानिक पद्धतियों के बारे में बताएँगे.      

00   
copyright reserved

Monday, April 14, 2014

दो: हमारे आसपास के कुछ परिचित और कुछ नए पक्षी

जंगली मैनाओं का जोड़ा: इसकी कलगी के ऊपर बालों पर गौर करो.  
पक्षियों को देखने और समझने के लिए सबसे पहले आओ अपने आस पास की दुनिया पर नज़र दौड़ायें. खिड़की से बाहर झांकते ही हमें बहुत से परिचित घरेलु पक्षी दिखाई दे जायेंगे. दोपहरी में 'कांव कांव' करता काला कव्वा, दहलीज़ पर दाना चुगती गौरैया, छज्जे पर 'गुटरगूं' करता कबूतर और पंखों से आवाज़ निकालकर उड़ जाती मैना. समय के साथ ये सारे पक्षी हमारे आस-पास जीना सीख गए हैं. हज़ारों साल पहले शायद ये जंगल के वासी रहे होंगे. लेकिन भोजन की तलाश इन्हें धीरे धीरे बस्तियों के करीब ले आई. और अब यही इनका घर बन गया है.   यहीं ये अपना भोजन तलाशते हैं, घोंसले बनाते हैं और रात में यहीं किसी ऊंचे सुरक्षित ठौर पर ये सो भी जाते हैं.

इन पक्षियों को तो तुम अच्छी तरह पहचानते होगे. लेकिन इनमें से हर पक्षी से मिलते जुलते इनके कुछ दूसरे रिश्तेदार भी हैं. इनमें से कुछ आज भी बस्ती से हटकर जंगल में रहते हैं, तो कुछ किसी विशेष आबोहवा में या पहाड़ों में पाए जाते हैं. जैसे अलग अलग जगहों पर रहने वाले मनुष्यों के नाक-नक्श और उनकी बनावट में अंतर होता है, वैसे ही पक्षियों के रिश्तेदार भी देखने में अपने घरेलू भाई-बहनों से थोड़े से भिन्न दिखाई देंगे. इनके स्वभाव में भी थोड़ा सा अंतर हो सकता है. आओ, सबसे पहले तुम्हें इन घरेलू पक्षियों के कुछ निकट और कुछ दूर दराज़ के रिश्तेदारों से मिलवायें.

कर्कश 'कांव' वाले कौवे को कौन नहीं जानता. मनष्य के साथ रहते रहते अब यह बड़े दुस्साहस के साथ भोजन या रोटी उठा ले जाता है. इसी का एक भाई बड़ी चोंच वाला 'पहाड़ी' कौवा भी है जो पूरा काला और आकर में घरेलु कौवे से कुछ बड़ा होता है. लेकिन स्वभाव से यह घरेलू कौवे जितना दुस्साहसी नहीं होता.

क्या सभी कौवे काले होते हैं? नहीं. ईरन और उसके आस पास के इलाकों में और अफ्रीका में काले-सफ़ेद कौवे मिलते हैं. देखने और स्वभाव में ये हमारे सामान्य कौवे जैसे ही होते हैं, सिर्फ इनका शरीर सफ़ेद और सिर तथा पंख काले होते हैं. 
ईरान का hooded crow कौवा
पहाड़ी इलाकों में एक बहुत बड़े आकर का जंगली कौवा भी मिलता है जिसे अंग्रेजी में raven कहते हैं. यह आकर में चील से भी बड़ा होता है. इसका चित्र हमें लद्दाख के सुदूर पहाड़ों में मिला.

लद्दाख का बड़ा कौवा Northern Raven
इसी का एक दूसरा भाई Punjab Raven है जो मैदानों में पाया जाता है. इसका यह चित्र जैसलमेर से लिया गया है.
Punjab Raven जैसलमेर में मृत चिंकारा का मांस खाते हुए
सुपरिचित घरेलू गौरैया हमारी दुनिया में हज़ारों साल से आती आई है. कुछ वैज्ञानिकों का मानना है कि पिछले पच्चीस वर्षों में इसकी जनसँख्या में गिरावट आई है लेकिन इसका सही कारण अभी तक मालूम नहीं है.

घरेलू पक्षियों में गौरैया इसलिए भी अलग है क्योंकि इसमें मादा गौरैया और नर चीरता देखने में भिन्न होते हैं. हम आगे देखेंगे कि कई दूसरे पक्षियों में भी ऐसा होता है, हालाँकि कुछ पक्षियों में नर और मादा एक जैसे होते हैं. हिमालय के पहाड़ी इलाकों में मिलने वाली लाल गौरैया या 'रसेट' गौरैया Russet Sparrow सामान्य गौरैया से थोड़ी सी अलग होती है.
पहाड़ों पर मिलने वाली Russet Sparrow
अफ्रीका  के पास मेडागास्कर और कुछ दुसरे द्वीपों में जो गौरैया मिलती है उसे स्थानीय भाषा में 'मोडी' कहा जाता है. इसमें मादा बिलकुल हमारी गौरैया जैसी ही दिखती है लेकिन नर बिलकुल अलग लाल या पीले रंग का होता है.
मेडागास्कर की 'मोडी' का नर
दुनिया में गौरैया की और भी कई प्रजातियाँ हैं.

सामान्य कबूतर से तुम सब परिचित होगे. पहाड़ों पर इसकी कुछ दूसरी प्रजातियाँ मिलती हैं. लेकिन बस्तियों के पास बड़े बड़े पेड़ों की ऊंची डालों पर तुम्हें एक खूबसूरत हरा कबूतर 'हरियल' मिलेगा जिसके पैर पीले होते हैं और गला सामान्य कबूतर से कुछ मोटा होता है. 'हरियल' ज़मीन पर कम ही दिखेगा. यह अपना सारा समय पेड़ों पर बिताता है. बरगद के पेड़ पर लगने वाले लाल-लाल फल इसका प्रिय भोजन हैं.
बरगद के फल खाता हरियल. इसके पीले पैर देखो.
यह तो हुई दिन में दिखने वाले कुछ सामान्य पक्षियों की बात. लेकिन कुछ पक्षी ऐसे भी हैं जो दिन में सोते हैं और रात के अँधेरे में शिकार के लिए निकलते हैं. इनमें सबसे प्रमुख है उल्लू. हमारे देश में उल्लुओं की कई प्रजातियाँ मिलती हैं जिनके बारे में तुम्हें आगे बताएँगे. लेकिन उल्लुओं में सबसे परिचित और सब जगह पाया जाने वाला छोटा उल्लू है चित्तीदार उल्लू spotted owlet. इसके सर और पंखों पर चित्तियाँ होती हैं.
चित्तीदार उल्लुओं का जोड़ा
उल्लू की आँखें रात के अँधेरे में भी देख सकती हैं लेकिन दिन की रोशनी में ये आँखें चौंधियाने लगती हैं. शाम ढलने के बाद इसकी 'चिरुर्र-चिरुर्र' की आवाज़ तुमने ज़रूर सुनी होगी. सुबह तडके अक्सर यह कूटर के पास की किसी डाल पर बैठा दिखाई दे जायेगा. इसकी एक आदत यह भी है कि यह देखने वाले को एकटक घूरता चला जाता है और ऐसे में कभी कभी यह बूढ़ों की तरह अपना सिर भी हिलाता जाता है. शायद इसी आदत के कारण हिंदी में इसका एक नाम 'खूसट' भी है. लेकिन इसकी आँखों में बच्चों की सी मासूमियत देखी जा सकती है. कोटर से झांकते इस उल्लू की फोटो मैंने बहुत पहले खींची थी!
कोटर से झांकते चित्तीदार उल्लू की मासूम आँखें.
तो परिचित पक्षियों के बारे में इस बार इतना ही. अगली बार कुछ अन्य पक्षियों के बारे में.
--------------------------------------------------------------------------------
जितेन्द्र भाटिया

copyright/ all rights reserved